शामली
पिकअप ने स्कूटी में मारी टक्कर, युवक की मौत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के कैराना मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के मोहल्ला रामनगर निवासी रतन सिंह ने बताया कि विगत 21 अगस्त की रात करीब 9:15 बजे उसका पुत्र प्रदीप और पड़ोस का अर्जुन इलेक्ट्रिक स्कूटी से कैराना की ओर से कांधला आ रहे थे। रहमतनगर-जिडाना स्थित उदल के भट्टे के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।