
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना परिसर स्थित वर्षों पुराने शिव मंदिर का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूरा होने पर मंगलवार को हवन-यज्ञ के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ कैराना और थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बता दें कि थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर का फर्श नीचे होने के कारण बरसात के मौसम में जलभराव हो जाता था। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने में परेशानी उठानी पड़ती थी। समस्या को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने पहल करते हुए मिट्टी का भराव कराकर मंदिर को ऊंचा कराया और नवीनीकरण के साथ सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कराया।
श्रद्धालु राकेश ने बताया कि पहले बारिश के दौरान मंदिर में पानी भरने से काफी परेशानी होती थी। थाना प्रभारी के प्रयासों से मंदिर की समस्या दूर हुई है। इसी खुशी में मंगलवार को हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

