गोड्डा

मेहरमा में दो दिवसीय फसल सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेहरमा। प्रखंड अंतर्गत मैयनाचक और मानगढ़ एवं मधुरा पंचायत में जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देशानुसार दो दिवसीय फसल सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत फसल सुरक्षा कार्यक्रम योजना के तहत पंचायत स्तर पर आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को फसलों में होने वाले कीट एवं रोगों से बचाव, फसल संरक्षण तथा वैज्ञानिक फसल प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी देना था। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को कृषि एवं बागवानी फसलों के उचित रखरखाव, रोग एवं कीट नियंत्रण के प्रभावी उपाय, उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों तथा समय पर फसल निरीक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों को आधुनिक फसल सुरक्षा तकनीकों के साथ-साथ कीटनाशकों के सुरक्षित एवं संतुलित उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पौधा संरक्षण कर्मी संजय कुमार झा ने किसानों को फसल सुरक्षा से संबंधित व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारी दी। वहीं, एग्री क्लिनिक सेंटर, महागामा के कर्मचारी कुंदन कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग किया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं एवं सवाल विशेषज्ञों के समक्ष रखे, जिनका समाधान करते हुए उन्हें फसल सुरक्षा के बेहतर उपाय बताए गए। किसानों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और फसल उत्पादन बढ़ाने में काफी मदद मिलती है। किसानों ने भविष्य में भी पंचायत स्तर पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button