शामली
स्कूल में पढ़ाई की जगह गुरुजी की कार की धुलाई
यूनिफॉर्म में बच्चे पाइप से करते दिखे वाहन की सफाई, इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : सकौती स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई के बजाय बच्चों से शिक्षक की कार धुलवाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में स्कूल की यूनिफॉर्म पहने बच्चे स्कूल परिसर में खड़ी एक कार को पानी की पाइप से धोते हुए दिखाई दे रहे हैं। कार शिक्षिका भावना वर्मा की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में बच्चे बारी-बारी से पाइप के जरिए कार पर पानी डालकर उसकी धुलाई करते नजर आ रहे हैं। जिस स्थान पर वाहन खड़ा दिखाई दे रहा है, वह स्कूल परिसर का ही हिस्सा बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है कि विद्यालय में बच्चों को शिक्षा देने के बजाय उनसे निजी कार्य क्यों कराया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है और बच्चों से कार धुलवाने की परिस्थितियां क्या थीं, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
विद्यालय में वर्तमान में 142 बच्चे पंजीकृत हैं। इनके शिक्षण के लिए सात शिक्षक और दो शिक्षामित्र तैनात हैं। ऐसे में बच्चों से निजी वाहन की सफाई कराए जाने का मामला और भी गंभीर माना जा रहा है। राहुल, मोहित, सुमित आदि ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
वहीं प्रधानाचार्य कल्पना गर्ग से मामले में जानकारी लेने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
वहीं शिक्षिका भावना वर्मा को फोन करने के साथ व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर वायरल वीडियो के संबंध में उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
