साहेबगंज
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं खाद्य आपूर्ति कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता,जिला प्रशासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक खाद्य सामग्री एवं अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं।इसी क्रम में आज अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज अमर जॉन आईन्द एवं अंचलाधिकारी,साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम एवं कर्मियों के साथ गोपालपुर,घीसू टोला,मकईया टोला,बंसकोला सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेते हुए उनके बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाढ़ प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए राहत एवं खाद्य आपूर्ति कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने देने, प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाने तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिला प्रशासन का संकल्प बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा,राहत एवं आवश्यक सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना है।



