खेलो झारखंड 2026-27 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
Grand organization of the 'Khelo Jharkhand' 2026-27 district-level competition.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड शिक्षा परियोजना, पाकुड़ के तत्वावधान में ‘खेलो झारखंड 2026-27’ की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिला स्तरीय स्टेडियम, बैंक कॉलोनी, पाकुड़ में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार एवं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पीयूष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विभिन्न प्रखंडों में आयोजित प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता अंडर-17 छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 100 मीटर दौड़, खो-खो, लॉन्ग जंप, हाई जंप, फुटबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ‘खेलो झारखंड’ युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना एवं पूरी लगन के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने तथा अपने प्रखंड एवं जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी एवं टीमें रांची में आयोजित राज्य स्तरीय ‘खेलो झारखंड’ प्रतियोगिता में पाकुड़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अभ्यास एवं मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में एपीओ, बीपीओ, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी, प्रशिक्षक, शिक्षक सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।



