झारखंड के हक-अधिकार से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं – विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी
No compromise on Jharkhand's rights and entitlements will be tolerated – MLA Prof. Stephen Marandi

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झामुमो प्रखंड कार्यालय, महेशपुर में प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद की अध्यक्षता में आगामी 19 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय महेशपुर में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन की अंतिम तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन प्रखंड सचिव जेम्स सुशील हेंब्रम ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला सचिव माईकिल मुर्मू, जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम तथा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष जोसेफिना हेंब्रम समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (MMDR संशोधन विधेयक) के विरोध में 19 सितंबर को आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। पंचायत स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। सभी पंचायतों के अध्यक्ष, सचिव एवं संबंधित पर्यवेक्षकों से उनके क्षेत्रों से धरना-प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों की संभावित संख्या तथा परिवहन व्यवस्था की जानकारी ली गई। ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायत स्तर पर व्यापक जनसंपर्क एवं समन्वय का निर्देश दिया गया। प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने पंचायत अध्यक्षों एवं सचिवों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पंचायत से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि 19 सितंबर का धरना-प्रदर्शन व्यापक जनसमर्थन के साथ सफल हो। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि MMDR संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर झामुमो झारखंड के हितों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर गंभीर है। “झारखंड के हक-अधिकार से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल किसी व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन, खनिज और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों से जुड़ी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से अपील की कि वे 19 सितंबर को महेशपुर प्रखंड मुख्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें। बैठक में छात्र मोर्चा के जिला सचिव तौसीफ इकबाल, प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक, मैईनुद्दीन अंसारी, जोशीमुद्दीन शेख एवं अर्थमास हेंब्रम, प्रखंड सह सचिव नसीम अहमद, प्रखंड संगठन सचिव पप्पु अंसारी, हबीबुर रहमान, बुदल यादव, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन सहित सभी पंचायतों के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



