देवघर

02 अक्टूबर को मनाया जायेगा ‘जल अर्पण दिवस’, ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन को प्राथमिकता देने का निर्देश

'Jal Arpan Diwas' to be observed on October 2; directive issued to prioritize 'Har Ghar Jal' certification.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

देवघर/रांची। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबू इमरान ने देवघर समाहरणालय में संताल परगना प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले छह जिलों—देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, जामताड़ा एवं पाकुड़—में जल जीवन मिशन (JJM) के तहत संचालित पेयजल योजनाओं एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की जिलावार विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान सचिव ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया। अबू इमरान ने जल जीवन मिशन के तहत आगामी 02 अक्टूबर को ‘जल अर्पण दिवस’ के रूप में मनाने तथा पूर्ण हो चुकी सभी योजनाओं के ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पेयजल योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के साथ-साथ जलापूर्ति के दौरान जल की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता या लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों एवं संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जल स्रोतों की सुरक्षा के मद्देनजर इंटेकवेल के आसपास किसी भी प्रकार के खनन एवं बालू उठाव पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों से लंबित NOC प्राप्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने, SNS SPARSH Onboarding, Sujal ID Creation तथा अन्य लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया। योजनाओं के सुचारू संचालन एवं बेहतर रखरखाव के लिए जल शुल्क संग्रह में वृद्धि करने पर जोर दिया गया। साथ ही, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए Consumer ID सृजन तथा बिजली विभाग के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की भी हुई समीक्षा समीक्षा बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से 5-Star ODF Plus गांवों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके तहत PM-JANMAN, सांसद आदर्श ग्राम योजना एवं आकांक्षी क्षेत्रों के गांवों को प्राथमिकता के आधार पर 5-Star ODF Plus घोषित करने की दिशा में कार्य करने को कहा गया। सचिव ने शौचालय निर्माण एवं उनकी स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पूर्व में ODF Plus घोषित गांवों का भौतिक सत्यापन शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। गांवों को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। एकल-उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने के लिए सभी ग्रामसभाओं में अनिवार्य रूप से प्रस्ताव पारित कराने का निर्देश दिया गया। समीक्षा बैठक में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज एवं जामताड़ा के उप विकास आयुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय पदाधिकारी, सभी अधीक्षण अभियंता, संबंधित जिलों के कार्यपालक अभियंता, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button