शामली

सात माह बाद दर्ज हुआ मारपीट का मुकदमा

पुलिस पर राजनीतिक दबाव में कार्रवाई न करने का आरोप।

पीड़ित थाने के लगाते रहे चक्कर, न्यायालय के आदेश पर पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 झिंझाना। रिश्ता तय करने को लेकर हुए विवाद में घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में करीब सात माह बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद से वह लगातार थाना और अधिकारियों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर थाना पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम नयागांव मजरा टपराना निवासी मेघपाल सिंह ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पुत्र विकास ने अपनी साली का रिश्ता गांव निवासी विनय के साथ कराया था। जबकि चन्द्रपाल पक्ष उक्त रिश्ता परिवार के दिनेश के साथ कराने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।
आरोप है कि तीन मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:15 बजे चन्द्रपाल, उसके पुत्र कपिन्द्र व भारत, पत्नी बबीता और कपिन्द्र की पत्नी अवनी लाठी-डंडे लेकर एकराय होकर घर में घुस आए। आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए विकास और उसकी मां मुनेश के साथ मारपीट की। मुनेश के पैर में डंडा लगने से उसकी अंगुली टूट गई। चीख-पुकार सुनकर रामकुमार और रामदास मौके पर पहुंचे और परिवार को बचाया। आरोप है कि आरोपित जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
पीड़ित के अनुसार सूचना पर पहुंची पुलिस ने विकास और मुनेश का झिंझाना सरकारी अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया था। मुनेश को एक्सरे के लिए शामली रेफर किया गया। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। पीड़ित ने नौ और 17 मार्च को अधिकारियों के यहां प्रार्थना पत्र दिए। दो अप्रैल को डाक के माध्यम से भी शिकायत भेजी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस ने उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया और दूसरे पक्ष की ओर से उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। करीब सात माह तक थाने और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर मेघपाल सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया।
न्यायालय के आदेश के बाद थाना झिंझाना पुलिस ने चन्द्रपाल, कपिन्द्र, भारत, बबीता और अवनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button