एसपी अनुदीप सिंह ने मालपहाड़ी ओपी का किया निरीक्षण
SP Anudeep Singh inspected the Malpahari Outpost.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मालपहाड़ी ओपी थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में संधारित विभिन्न पंजियों, वारंटियों से संबंधित मामलों तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की गहनता से जांच की। पुलिस अधीक्षक के मालपहाड़ी ओपी पहुंचने पर थाना पुलिस के जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद एसपी ने थाना परिसर, अभिलेखों एवं पुलिसिंग से संबंधित कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित मामलों, पंजियों के संधारण, वारंटियों से संबंधित कार्रवाई तथा क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था की जानकारी ली। विभिन्न बिंदुओं के परीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।



