त्यौहारों को लेकर ज्वेलरी शॉप संचालकों के साथ एसपी ने की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिये निर्देश
SP holds meeting with jewelry shop owners regarding the festive season; issues instructions to strengthen security arrangements.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में जिले के सभी ज्वेलरी शॉप संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) ने की। बैठक की शुरुआत ज्वेलरी शॉप संचालकों द्वारा पुलिस अधीक्षक को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद एसपी ने बारी-बारी से सभी संचालकों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने ज्वेलरी शॉप संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों में सुरक्षा गार्ड की प्रतिनियुक्ति, सभी कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन, दुकान के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी सायरन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने ज्वेलरी दुकानों के मुख्य गेट एवं ग्रिल में चेन लगाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए दुकान में वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों के संपर्क नंबरों के साथ पुलिस हेल्पलाइन 112, फायर सेफ्टी और एंबुलेंस हेल्पलाइन नंबरों के पोस्टर लगाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने ज्वेलरी शॉप संचालकों को स्पष्ट रूप से चोरी के सामान की खरीद-बिक्री नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही चोरी के सामान की खरीद-बिक्री करने वाले किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया गया। बैठक में थाना/ओपी प्रभारियों एवं ज्वेलरी शॉप संचालकों के बीच त्वरित सूचना के आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जा सके। पुलिस अधीक्षक ने पर्व-त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में ज्वेलरी व्यवसायियों से पुलिस का सहयोग करने और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपायों को गंभीरता से लागू करने की अपील की। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ एवं महेशपुर सहित जिले के सभी थाना/ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।



