पाकुड़

गांधी जयंती पर 36 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित, VB- G- RAM के तहत विकास योजनाओं का प्रस्ताव

Special Gram Sabhas held in 36 panchayats on Gandhi Jayanti; development schemes proposed under VB-G-RAM.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। गांधी जयंती के अवसर पर विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025 (VB-G-RAM) के तहत पाकुड़ जिले के विभिन्न प्रखण्डों की 36 पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीण विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं पर चर्चा करते हुए चार प्रमुख थीम के अन्तर्गत योजनाओं के प्रस्ताव लिए गये। ग्राम सभा में ग्रामीणों की जरूरतों और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन तथा अत्यधिक विषम मौसमी घटनाओं एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दी गई। अनुमेय 375 कार्यों की सूची के आलोक में पंचायत स्तर पर योजनाओं का चयन किया गया। जल संरक्षण एवं जल सुरक्षा के तहत चेक डैम, गली प्लग सहित विभिन्न जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण से संबंधित योजनाओं पर चर्चा की गई। वहीं, तालाब निर्माण एवं सिंचाई से जुड़े कार्यों को भी प्रस्तावित योजनाओं में शामिल किया गया। ग्रामीण आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ग्रामीण सड़क, पुलिया, ग्रामीण पुस्तकालय, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय की चहारदीवारी तथा श्मशान घाट जैसी आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्यों के प्रस्ताव लिए गये। इन योजनाओं का उद्देश्य गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। आजीविका संबंधी अवसंरचना के तहत ग्रामीणों की आय के अवसर बढ़ाने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इसके लिए प्रशिक्षण- सह- कौशल विकास केंद्र, ग्रामीण हाट सहित आजीविका गतिविधियों से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं को प्रस्तावित किया गया। इसके अलावे अत्यधिक विषम मौसमी घटनाओं के न्यूनीकरण एवं आपदा सुसज्जता के लिए विशेष कार्यों को भी ग्राम सभा में शामिल किया गया। इसके अंतर्गत चक्रवात आश्रय, बाढ़ आश्रय तथा तटबंध जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। ग्राम सभाओं में लिए गए प्रस्तावों का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों के साथ-साथ ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत करना, जल सुरक्षा सुनिश्चित करना, आजीविका के साधनों को बढ़ावा देना तथा प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की क्षमता को बेहतर बनाना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button