ललितपुर

जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अराजक तत्वों पर होगी एफआईआर : डीएम

सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम सत्य प्रकाश ने सुनीं फरियादें

भूमि विवादों के लिए पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीमें गठित करने के निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए सदर तहसील में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। डीएम ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कई मामलों का तत्काल निस्तारण कराया। समाधान दिवस में अवैध कब्जे, भूमि पैमाइश और जमीनी विवादों से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने तथा विवादों का नियमानुसार स्थायी एवं न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्य अथवा जनशिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में बाधा डालने वाले अराजक तत्वों और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसे लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। समाधान दिवस में बिरधा ब्लॉक के मऊमाफी निवासी ने चकबंदी प्रक्रिया के दौरान उनकी भूमि दूर स्थान पर दिए जाने की शिकायत की। इस पर एसओसी चकबंदी को मौके पर जाकर प्रकरण का निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। विघामहावत निवासी ने गांव में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की जांच की मांग की। मामले में डीसी मनरेगा को जांच के आदेश दिए गए। वहीं जुगपुरा निवासी ने अपनी भूमि पर पीएम आवास निर्माण में विपक्षियों द्वारा बाधा डालने की शिकायत की, जिस पर क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक और कोतवाली थानाध्यक्ष को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। परसई नाराहट निवासी ने अपनी भूमि को विपक्षियों के कब्जे से मुक्त कराने की मांग की। इस पर एसडीएम महरौनी को नियमानुसार कार्रवाई कर प्रकरण का निस्तारण करने को कहा गया। मेलवाराकलां निवासी महिला ने भूमि पर अवैध कब्जा कर टपरा डालने की शिकायत की, जिस पर एसओसी चकबंदी को संयुक्त रूप से जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तालबेहट कांशीराम कॉलोनी निवासी ने अपने दिव्यांग बच्चे के उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड में बच्चे का नाम जोडऩे की मांग की। इस पर पूर्ति अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रकरण का निस्तारण कर अवगत कराने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम पटसेमरा के अम्बेडकर पार्क की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एसओसी चकबंदी और एसडीएम को तत्काल कब्जा हटवाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिले की पांचों तहसीलों में कुल 194 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 26 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। ललितपुर तहसील में कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व एवं पुलिस के संयुक्त 15, राजस्व 14, पुलिस 10, विद्युत 5, पूर्ति 6, जल संस्थान 3, नगर पालिका 6, निर्वाचन 1 और सिंचाई विभाग का 1 प्रार्थना पत्र शामिल रहा। इनमें 8 का मौके पर निस्तारण हुआ। तालबेहट तहसील में 79 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व 34, पुलिस 16, विकास 8, पूर्ति 5, स्वास्थ्य 2 और समाज कल्याण की 14 शिकायतें शामिल थीं। इनमें 14 का मौके पर निस्तारण किया गया। महरौनी तहसील में 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व 7, विकास 1 और पूर्ति की 2 शिकायतें रहीं। इनमें 1 का मौके पर निस्तारण कराया गया। मड़ावरा तहसील में 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व 4, विकास 2, पुलिस 3, विद्युत 2 और अन्य विभागों की 3 शिकायतें शामिल रहीं। पाली तहसील में 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व 17, पुलिस 2, पूर्ति 5, विद्युत 5 और अन्य विभाग की 1 शिकायत शामिल रही। इनमें 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसपी संजीव कुमार बाजपेई, सीएमओ डा.वीरेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हेमन्त पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button