शामली

अस्पताल के बाहर फायरिंग, तिमारदार बाल-बाल बचे; आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में निजी अस्पताल के बाहर तिमारदारों के बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद अस्पताल संचालक के पुत्र ने कथित तौर पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। आरोप है कि आरोपी ने करीब छह से सात राउंड फायर किए। इस दौरान तिमारदार शोएब और नाजिम गोली लगने से बाल-बाल बच गए। फायरिंग में एक गोली उनकी कार में लगी और शीशा तोड़ते हुए सीट में जा धंसी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं।

थानाभवन क्षेत्र के गांव सोंता रसूलपुर निवासी रिजवान ने प्रसव पीड़ा के चलते अपनी 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान को शामली के एमएसके रोड स्थित देव हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। देर शाम करीब पांच बजे ऑपरेशन के बाद महिला ने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद परिवार के लोग उसका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचने लगे, जिससे तिमारदारों की भीड़ हो गई।

इसी दौरान अस्पताल संचालक अर्जुन सिंह का पुत्र आर्यन भी मौके पर पहुंचा और तिमारदारों को अस्पताल से बाहर जाने के लिए कहा। आरोप है कि तिमारदारों के दोबारा अस्पताल आने पर आर्यन भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। तिमारदारों ने अस्पताल से बाहर निकलकर उसके व्यवहार का विरोध किया तो आरोप है कि आर्यन ने अवैध पिस्टल निकालकर शोएब की कनपटी पर लगाकर फायर कर दिया। फायर मिस होने से शोएब बच गया।

इसके बाद आरोपी ने पिस्टल दोबारा लोड कर फायरिंग शुरू कर दी। करीब छह से सात राउंड फायरिंग में एक गोली कार में लगी। गोली कार का शीशा तोड़ते हुए सीट में जा धंसी। सूचना पर पहुंची आदर्श मंडी पुलिस ने जांच की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बुधवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी एनपी सिंह ने बताया कि आरोपी आर्यन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और कार बरामद की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button