मथुरा

पुलिस मुठभेड़ में बावरिया गिरोह के दो सदस्य घायल, गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। फरह थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात पुलिस की बावरिया गिरोह के सदस्यों से मुठभेड़ हो गई। परखम गोशाला नहर पुल के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों की टांग में गोली लग गई जिससे वह घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी फरह में भर्ती कराया है। उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, चोरी की पायजेब, नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी की घटनाओं के खुलासे और रोकथाम के लिए चौकी प्रभारी ओल उपनिरीक्षक अरविंद सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरह क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले बावरिया गिरोह के सदस्य राजस्थान की ओर से फरह की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने परखम नहर पुल के पास चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर परखम गोशाला रोड की ओर भागने लगे। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने पीछा कर रही टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश की टांग में गोली लगने से घायल हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील उर्फ सुलील बावरिया निवासी पुरा, थाना मगोर्रा और सन्जू बावरिया निवासी पुरा, थाना मगोर्रा, मूल निवासी गणेशपुरा, दौसा राजस्थान के रूप में हुई। सीओ प्रवीण तिवारी ने बताया है कि आरोपियों के कब्जे से दो जोड़ी सफेद धातु की पायजेब, 10,700 रुपये नकद तथा हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की। इस मामले में एक अन्य आरोपी जीतू को पुलिस सात अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button