जीएम ने किया बहेड़ी और लालकुआं स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बहेड़ी और लालकुआं स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
इससे पहले उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय इज्जतनगर के सभागार में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, मुख्य परियोजना प्रबंधक संदीप खंडेलवाल व अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में स्टेशन पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं, संरक्षा और ट्रेनों के समयपालन की समीक्षा की गई।बैठक के बाद जीएम ने इज्जतनगर-लालकुआं रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया और रेलपथ, OHE, समपार फाटकों व पुलों का जायजा लिया।
बहेड़ी स्टेशन पर उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, दिव्यांगजन शौचालय, पैनल रूम और बुकिंग कार्यालय का निरीक्षण कर कर्मचारियों से संरक्षा संबंधी सवाल पूछे। इसके बाद लालकुआं स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म और 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया।जीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और रेल संचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।




