गाजियाबाद

बेहटा हाजीपुर लोनी में दंगल, बेटियों ने भी दिखाए दमखम

मनोज धामा बोले- युवाओं को नशे से दूर रखने और शारीरिक विकास में सहायक है कुश्ती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी तहसील के गांव बेहटा हाजीपुर में युवा शक्ति की ओर से मासिक दंगल की शुरुआत की गई। हर महीने की 11 तारीख को दंगल कराने की पहल के तहत आयोजित पहले दंगल में आसपास के कई जनपदों के अखाड़ों से पहुंचे पहलवानों ने कुश्ती के दांव-पेच दिखाए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनोज धामा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजकों ने उनका फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और स्मृति चिह्न के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर मनोज धामा ने कहा कि दंगल और कुश्ती शारीरिक विकास के साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बेहटा हाजीपुर में पहले भी दंगल आयोजित होते थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह परंपरा बंद थी। गांव की युवा शक्ति ने दोबारा इसकी शुरुआत कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है।
दंगल में डगरपुर के गुरु लीलू पहलवान, गोठरा के मिठ्ठन पहलवान, गुरु राजकुमार गोस्वामी अखाड़ा, गुरु राधेश्याम अखाड़ा गोकलपुरी, इंदिरा गांधी स्टेडियम सोनीपत, बाबूराव अखाड़ा शाहदरा, सुभाष पहलवान अखाड़ा मलकपुर सहित गाजियाबाद, रिस्तल और गनोली के पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न मुकाबलों में दमखम दिखाया।
दंगल का खास आकर्षण बेटियों की भागीदारी रही। महिला पहलवानों ने भी अपने-अपने वजन वर्ग में कुश्ती लड़ी। उनकी प्रतिभा और साहस को देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के आयोजक सूरज धामा ने बताया कि गांव के युवाओं ने क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से मासिक दंगल कराने का संकल्प लिया है। प्रत्येक महीने की 11 तारीख को दंगल आयोजित किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र के युवाओं को जागरूक कर कुश्ती में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मनोज धामा ने आयोजन की सराहना करते हुए युवा शक्ति को हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना जरूरी है, ताकि वे अपनी प्रतिभा के दम पर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।
इस मौके पर रणवीर धामा, देवेंद्र धामा, तेजिंदर धामा, नरेंद्र धामा, गोल्ड मेडलिस्ट अजय डागर, पवन कुमार (सीआईएसएफ), सलीम पहलवान, बबलू खलीफा, सभासद मोनू धामा, सचिन धामा, दीपक धामा, रौनक धामा, मन्नू पंडित, सेठ दर्शन लाल, पप्पू पहलवान, कुल्लू पहलवान, कालू धामा और ब्रह्म सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button