बरेली
त्योहारों पर मिलावटी भोजन को लेकर व्यापार मंडल की बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली ।उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की कोर कमेटी की बैठक सिविल लाइंस स्थित एक होटल में हुई। बैठक में आगामी त्योहारी सीजन में गुणवत्तापूर्ण भोजन और उत्तम स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि आईएमए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि सरकार नागरिकों को मिलावट रहित भोजन सुनिश्चित कराना चाहती है। इसके लिए बाजारों में अभियान चलाकर व्यापारियों की काउंसलिंग की जाती है। कमी मिलने पर 15 दिन का समय दिया जाता है, सुधार न होने पर सैंपलिंग की जाती है। प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि कोई भी व्यापारी जानबूझकर गलत वस्तु नहीं बेचना चाहता, लेकिन उसकी नैतिक जिम्मेदारी है कि वह माल का स्रोत जांच कर खरीदे और पक्का बिल ले।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के. चौहान ने कहा कि लंबे समय तक मिलावटी भोजन से कैंसर, लीवर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियां होती हैं। उन्होंने युवाओं में जंक फूड के बढ़ते चलन पर चिंता जताई।
महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया ने कहा कि व्यापार मंडल मिलावटखोरों का समर्थन नहीं करता, लेकिन त्योहारी सीजन में सैंपलिंग के नाम पर व्यापारियों को डराना उचित नहीं है। जिला महामंत्री संदीप अग्रवाल मिंटू ने कहा कि विभाग का पहला उद्देश्य नियमों की जानकारी देना है। इस अवसर पर शुभम अग्रवाल ने डॉ. हिमांशु अग्रवाल को सम्मानित किया। बैठक में प्रकाश आयलानी, अवधेश अग्रवाल डब्बू, विनय शर्मा, आशुतोष गोयल, गिरधारी देवनानी, श्याम मितवानी, दुर्गेश खटवानी, मनमोहन सभरवाल, समित अग्रवाल, कैलाश मित्तल, मनोज खंडेलवाल आदि मौजूद रहे।


