गोड्डा
न्याय की मांग को लेकर महागामा में निकाला गया मशाल जुलूस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। महागामा थाना क्षेत्र के दियाजोरी के पास एक नाबालिग किशोरी के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने एक आक्रोशपूर्ण मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस प्राचीन दुर्गा मंदिर प्रांगण से शुरू होकर बसुआ चौक स्थित शहीद कुंवर बटेश्वर सिंह स्मारक तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “न्याय चाहिए, दिखावा नहीं” के नारे लगाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को फांसी की सजा देने की पुरजोर मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात पाकुड़ जिले की एक नाबालिग किशोरी अपने दो रिश्तेदारों के साथ ऊर्जानगर में दुर्गापूजा मेला देखने आई थी। लौटते समय दियाजोरी नहर के पास आरोपितों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि आरोपितों ने रिश्तेदारों के साथ मारपीट कर उन्हें भगा दिया और किशोरी को जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जुलूस में महागामा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अशोक कुमार भगत, भाजपा नगर मंत्री अशोक कुमार यादव, भाजपा के कई अन्य नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पूर्व विधायक अशोक कुमार भगत ने राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि महागामा क्षेत्र में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने मदरसा और लोगंग सहित अन्य स्थानों पर हुई पूर्व की घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन मामलों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने मांग की कि दियाजोरी मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो, सभी दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।


