गोड्डा
पोड़ैयाहाट में स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को किया जागरूक
312 ग्रामीणों एवं छात्रों ने लिया हिस्सा, विद्यालय में स्वच्छता सामग्री वितरित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पोड़ैयाहाट। पोड़ैयाहाट में नव भारत जागृति केंद्र एवं एसबीआई फाउंडेशन, मुंबई के सहयोग से स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व, साफ-सफाई की आदतों तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान में कुल 312 ग्रामीणों एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोहोंडा के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से 10 झाड़ू, 10 छोटे डस्टबिन, चार बड़े डस्टबिन और 200 साबुन वितरित किए गए। वहीं, किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए 55 सैनिटरी नैपकिन पैड भी दिए गए। अभियान के दौरान साफ-सफाई के लिए 20 पैकेट ब्लीचिंग पाउडर और 15 लीटर फिनायल का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा गांव में तीन सेप्टिक टैंक तथा एक चापाकल का प्लेटफॉर्म बनवाया गया, ताकि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने ग्रामीणों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने, कूड़े-कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों के बीच 200 पैकेट नाश्ते का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर डॉ. जैकी शेखर, फार्मासिस्ट विक्रम कुमार, लैब टेक्नीशियन नीरज साह, मोबाइल मेडिकल वाहन चालक किशोर कुमार भगत, टीम मैनेजर राजकुमार घोष, विद्यालय के प्रधानाचार्य डेविड बेसरा, विद्यालय सहायिका बिटिया हेम्ब्रम, सेविका टेरेसा सोरेन, सहिया पक्कु सोरेन और विद्यालय अध्यक्ष मधु सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


