बरेली
अखिलेश का संदेश लेकर पीडीए जनचेतना यात्रा रवाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली / रिठौरा। समाजवादी पार्टी की श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव जनचेतना पीडीए पदयात्रा मंगलवार को रिठौरा के गुरुकृपा बरात घर से शुरू हुई। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के नेतृत्व में यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा रिठौरा, खाता, भडसर होते हुए बंजरिया में संपन्न हुई। जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत हुआ। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि पीडीए महज नारा नहीं, सामाजिक न्याय का विचार है। अखिलेश यादव ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों को सम्मान और भागीदारी का मंच दिया है। पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि यह यात्रा जनता के सवालों को आवाज देने का अभियान है। युवाओं को रोजगार, किसानों को उचित मूल्य और वंचितों को अधिकार दिलाना ही सपा का संकल्प है।
विधायक शहजिल इस्लाम ने कहा कि सरकार बनने पर किसानों का सम्मान, युवाओं को रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य प्राथमिकता होगी। पूर्व विधायक इस्लाम साबिर ने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता परेशान है, 2027 में जनता मत से जवाब देगी।
यात्रा में सुरेंद्र सोनकर, रविन्द्र सिंह यादव, अशोक यादव, अनिल पटेल सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




