ललितपुर

लॉयंस क्लब ललितपुर हेल्पिंग हैंड्स की पहल

बुंदेलखंड इंटर कॉलेज जाखलौन में यातायात जागरूकता कैंप आयोजित

विद्यार्थियों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम
यातायात प्रभारी निरीक्षक आलोक तिवारी ने बताये नियम
हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति किया जागरूक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। यातायात माह 2026 के उपलक्ष्य में लॉयंस क्लब ललितपुर हेल्पिंग हैंड्स के तत्वावधान में बुंदेलखंड इंटर कॉलेज जाखलौन में यातायात जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यातायात प्रभारी निरीक्षक आलोक तिवारी, जाखलौन थानाध्यक्ष अजय कुमार भदौरिया, विद्यालय प्रधानाचार्य वी.डी. मिश्रा एवं उप प्रधानाचार्य बलराम तिवारी उपस्थित रहे। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। यातायात प्रभारी निरीक्षक आलोक तिवारी ने सैकड़ों छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहनों के बीच उचित दूरी बनाए रखने, मोबाइल फोन और नशे से दूर रहने तथा सही लेन में वाहन चलाने के साथ यातायात संकेतों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने सड़क के ब्लैक स्पॉट पर विशेष सावधानी बरतने, साइन बोर्ड के निर्देशों का पालन करने तथा रिफ्लेक्टर और गति अवरोधकों के पास सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की जानकारी भी दी। लायंस क्लब बुंदेलखंड अध्यक्ष लॉयन महेंद्र सिंह बुंदेला ने विद्यार्थियों को बताया कि वाहन चलाते समय कानों में हेडफोन या ब्लूटूथ का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। दोपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी नहीं बैठानी चाहिए और शराब पीकर कभी वाहन नहीं चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। प्रधानाचार्य वी.डी. मिश्रा ने विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वाहन खड़ा करने के बाद दरवाजा खोलते समय पीछे से आने वाले वाहनों को अवश्य देखना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। सफल संचालन कर रहे आचार्य लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा ने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के मोटर साइकिल, स्कूटी या कार नहीं चलानी चाहिए। वाहन मोडऩे से पहले इंडिकेटर अथवा हाथ से संकेत देना चाहिए और चौराहों पर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। लॉयंस क्लब ललितपुर हेल्पिंग हैंड्स के अध्यक्ष फिरोज इकबाल ने आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को पैदल चलने और सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके बताए। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते समय फुटपाथ का प्रयोग करें तथा सड़क पार करने के लिए निर्धारित क्रॉसिंग का इस्तेमाल करें। सड़क पार करने से पहले दाएं-बाएं देखकर यातायात सुरक्षित होने पर ही आगे बढ़ें। स्कूल बस या वैन का इंतजार करते समय सड़क से दूर कतार में खड़े रहें और वाहन पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें चढ़ें या उतरें। उन्होंने चलती बस या कार की खिड़की से हाथ, सिर अथवा कोई सामान बाहर नहीं निकालने की भी हिदायत दी। कार्यक्रम में शांति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष लॉयन महेंद्र सिंह बुंदेला, यातायात पुलिस निरीक्षक शाकेब हाशमी, आशुतोष कुमार गुप्ता, मुख्य आरक्षी नरेंद्र सिंह, पीआरडी सचिन सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button