कैराना

खेत में युवक का गला दबाकर मारपीट

घर में घुसकर महिला से अभद्रता; सात नामजद पर मुकदमा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव जगनपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा खेत में काम कर रहे युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में घर में घुसकर उसकी पत्नी के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव जगनपुर निवासी सतवीर सिंह पुत्र कृष्ण सिंह ने कोतवाली कैराना में तहरीर देकर बताया कि गांव के ही संजीव, जसवीर, राजीव उर्फ राजू पुत्रगण करण सिंह, अशोक, राजेंद्र व सुशील पुत्रगण रामपाल तथा आदित्य पुत्र संजीव से उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि इससे पहले भी उक्त लोग उसके साथ मारपीट कर चुके हैं।
पीड़ित के अनुसार 9 मार्च की शाम करीब छह बजे उसका पुत्र अमित चौहान खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान आरोपी लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए अमित पर हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसका गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गया शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। सतवीर सिंह ने बताया कि वह अपने पुत्र को पुलिस के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल ले गया था। इसी दौरान रात करीब साढ़े 9 बजे आरोपी उसके घर में घुस आए और उसकी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए अभद्रता की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और भविष्य में भी उसके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सातों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button