सिंगरौली

अवैध रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टर की टक्कर से बालिका की मौत

आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 सिंगरौली। जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नौगई बड़गड़ा गांव में बीते दिन शुक्रवार सुबह रेत लोड ट्रैक्टर की टक्कर से 17 वर्षीय बालिका साधना साकेत की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गढ़वा–चितरंगी मार्ग पर चकाजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार साधना साकेत (17) पिता रामबरन साकेत निवासी नौगई बड़गड़ा अपनी नानी के घर आई हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह सड़क से गुजर रही थी, तभी अवैध रेत परिवहन में लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालिका को परिजन उपचार के लिए उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बालिका की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और गढ़वा–चितरंगी मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि गढ़वा, नौडिहवा और चितरंगी क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध रेत परिवहन हो रहा है और इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना था कि तेज रफ्तार से दौड़ रहे रेत लोड वाहन आम लोगों के लिए खतरा बन गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने दोषी ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा मृत बालिका के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में अवैध रेत का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है, जिससे लगातार हादसे की आशंका बनी रहती है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। देर शाम तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन के आश्वासन पर मामला शांत हुआ और जाम समाप्त कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button