ईशाकपुर मदरसा में एआईएमआईएम की भव्य दावत-ए-इफ्तार, हजारों रोज़ेदारों की सहभागिता से दिखी एकता की मिसाल
AIMIM organised a grand Iftar party at Ishakpur Madrasa, with participation of thousands of fasting people, demonstrating unity.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के ईशाकपुर मदरसा में मंगलवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पार्टी की ओर से दावत-ए-इफ्तार का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में रोज़ेदारों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भाईचारे, एकता और सौहार्द से ओत-प्रोत रहा। इफ्तार के समय सभी लोग एक साथ बैठकर रोज़ा खोला, जिससे आपसी प्रेम और सामाजिक एकजुटता का भाव स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया। इस दौरान देश में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए विशेष दुआएं भी की गईं। कार्यक्रम में पार्टी के युवा नेता अफीफ अमसल सहित अन्य कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उपस्थित सभी मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रमज़ान का पवित्र महीना सब्र, त्याग और इंसानियत का संदेश देता है, और इस तरह के आयोजन समाज में सौहार्द को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विभिन्न समुदायों के बीच एकता और आपसी समझ बढ़ती है। एआईएमआईएम द्वारा आयोजित यह दावत-ए-इफ्तार न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रही, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में भी उभरी।



