ललितपुर

पत्नी को फोन पर परेशान करने का विरोध करने पर युवक की पिटाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक को अपनी पत्नी के साथ हो रही छेडख़ानी का विरोध करना भारी पड़ गया। आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पीडि़त के घर में घुसकर उसके साथ लात-घूसों और डंडों से जमकर मारपीट की। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़त ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही रहने वाला सुंदरम पुत्र श्रीराम पिछले काफी समय से उसकी पत्नी के मोबाइल नंबर पर फोन करके उसे परेशान कर रहा था। आरोपी महिला को डराता-धमकाता था और किसी को न बताने की धमकी देता था। 17 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे जब रामप्रताप को इस बात की जानकारी हुई, तो उसने फोन के माध्यम से सुंदरम को समझाने की कोशिश की। इससे आक्रोशित होकर आरोपी सुंदरम पीड़ित के घर पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने रामप्रताप की पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर आरोपी का चाचा और भाई भी वहां पहुंच गए और तीनों ने मिलकर पीडि़त को लात-घूसों व डंडों से पीटा। बीच-बचाव करने आए पीडि़त के दादा-दादी के साथ भी अभद्रता की गई। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कोतवाली पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर आरोपी सुंदरम, उसके चाचा रहीश और भाई विक्रम के खिलाफ बीएनएस की धारा 352, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button