गाजियाबाद

एलपीजी संकट के बीच कालाबाजारी और अफवाहों से बढ़ी लोनी में परेशानी

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से की ना घबराने की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते एलपीजी आपूर्ति को लेकर पैदा हुए हालात में जहां एक ओर कुछ तत्व सियासी लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी भी तेजी से बढ़ती नजर आ रही है। इससे आम नागरिकों के बीच अनावश्यक भय और असमंजस का माहौल बन रहा है।
सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इसके बावजूद कुछ लोग अफवाह फैलाकर और जमाखोरी कर स्थिति को बिगाड़ने में लगे हैं। प्रधानमंत्री ने भी इस तरह की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए चेतावनी दी है कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान स्थिति में नागरिकों से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और गैस का समझदारी से उपयोग करें। बुकिंग के बीच अंतराल को 21 से बढ़ाकर 25 दिन करना इसी दिशा में उठाया गया कदम है, ताकि आपूर्ति संतुलित बनी रहे।
स्थानीय स्तर पर स्थिति यह है कि गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। बुकिंग के बावजूद सिलेंडर की सप्लाई में एक सप्ताह तक की देरी हो रही है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। कई एजेंसियों के कार्यालयों पर गेट बंद रहने के कारण उपभोक्ताओं की सुनवाई नहीं हो पा रही, जिससे असंतोष और बढ़ रहा है।
उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों के बीच तालमेल की कमी भी समस्या को गंभीर बना रही है। हालांकि, आपूर्ति विभाग ने दावा किया है कि वह पूरी तरह सक्रिय है और जल्द ही स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ऐसे समय में नागरिकों से अपील है कि वे अफवाहों से बचें, ईंधन की बचत करें और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें। देशहित में एकजुट होकर ही इस चुनौती का सामना किया जा सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button