बरेली
फरीदपुर में मिशन शक्ति के तहत निकाला गया जागरूकता फ्लैग मार्च

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : तहसील फरीदपुर नगर क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 25 मार्च 2026 को कस्तूरबा गांधी विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं द्वारा एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। फ्लैग मार्च विद्यालय से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए थाना परिसर तक पहुँचा। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में बैनर और नारे लिखी तख्तियां लेकर लोगों को मिशन शक्ति के प्रति जागरूक किया। पूरे नगर में मार्च के चलते उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की।
थाना परिसर में पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों द्वारा बच्चों को मिशन शक्ति अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों और आत्मरक्षा के महत्व के बारे में बताया गया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।



