बागपत

ईमानदारी, सजगता और सेवा का सफर — मनोज सैनी (LIU) से खास बातचीत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत: प्रश्न 1: सबसे पहले अपने सेवा सफर के बारे में बताइए।
मनोज सैनी: मेरा पुलिस सेवा का सफर एक कांस्टेबल के रूप में शुरू हुआ। मेरी पहली नियुक्ति बुलंदशहर थाने में हुई, जहां मैंने जमीनी स्तर पर काम करना सीखा। इसके बाद करीब दो वर्ष SSP ऑफिस बुलंदशहर में कार्य किया, जहां प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला। फिर लगभग डेढ़ वर्ष मेरठ में सेवाएं दीं। वर्ष 2017 से 2025 तक मैं बागपत में विशेष अभिसूचना इकाई (sio) में रहा, जहां प्रदीप कुमार पालीवाल जी के निर्देशन में काम करने का मौका मिला। वर्तमान में मैं LIU के अंतर्गत बड़ौत कोतवाली  क्षेत्र में लगातार अपनी सेवाएं दे रहा हूं।
प्रश्न 2: आपकी नजर में LIU की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है?
मनोज सैनी: LIU पुलिस व्यवस्था की रीढ़ की हड्डी की तरह होती है। हमारा कार्य सूचनाओं का संकलन, विश्लेषण और समय रहते सही दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करना होता है। कई बार हमारी मेहनत पर्दे के पीछे रहती है, लेकिन यही सूचनाएं बड़ी घटनाओं को होने से पहले रोकने में मदद करती हैं।
प्रश्न 3: अपने कार्यकाल का कोई खास अनुभव साझा करना चाहेंगे?
मनोज सैनी: हर दिन एक नया अनुभव होता है, लेकिन सबसे खास यह होता है कि जब हमारी दी गई सूचना से कोई बड़ी घटना टल जाती है। उस समय जो संतोष मिलता है, वही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।
प्रश्न 4: प्रदीप कुमार पालीवाल के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
मनोज सैनी: पालीवाल साहब के निर्देशन में काम करना मेरे लिए बहुत सीखने वाला अनुभव रहा। उन्होंने हमेशा अनुशासन, सतर्कता और ईमानदारी पर जोर दिया। उनके मार्गदर्शन में मैंने अपने कार्य को और बेहतर तरीके से करना सीखा।
प्रश्न 5: वर्तमान समय में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या है?
मनोज सैनी: आज के समय में सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें बहुत तेजी से फैलती हैं, जो कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनती हैं। ऐसे में सतर्कता और समय पर सही सूचना एकत्र करना बेहद जरूरी हो जाता है।
प्रश्न 6: युवाओं के लिए आपका क्या संदेश है?
मनोज सैनी: युवाओं को चाहिए कि वे अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी को अपने जीवन का आधार बनाएं। अगर आप सच्चे मन से देश और समाज की सेवा करना चाहते हैं, तो पुलिस सेवा एक बहुत ही सम्मानजनक और जिम्मेदारी भरा क्षेत्र है।
प्रश्न 7: अपने काम को आप कैसे देखते हैं?
मनोज सैनी: मेरे लिए यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि समाज और देश की सेवा का माध्यम है। जब तक वर्दी पहनने का अवसर मिला है, मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूंगा।
यह इंटरव्यू न केवल एक कर्मठ पुलिसकर्मी की कार्यशैली को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि समर्पण और ईमानदारी से किया गया कार्य समाज में सुरक्षा और विश्वास की नींव को मजबूत करता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button