जमीनी विवाद में जमकर फायरिंग,महिला को लगी गोली,अस्पताल में भर्ती

छजलैट थाना क्षेत्र का गांव चंगेरी मिलक गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। गांव में जमीनी विवाद के चलते दो पक्ष आमने सामने आ गए जिसके बाद जमकर गोलियां चली। गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है।
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो,
मुरादाबाद। छजलैट थाना क्षेत्र का गांव चंगेरी मिलक गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। गांव में जमीनी विवाद के चलते दो पक्ष आमने सामने आ गए जिसके बाद जमकर गोलियां चली। गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। घायल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें कुछ युवकों के हाथ में अवैध तमंचे भी नजर आ रहे है और गोलियां भी चलाई जा रही हैं।
घटनास्थल पर पहुँच कर पुलिस ने दी जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार चंगेरी मिलक की रहने वाली महिला नीरज ने गांव में ही जमीन खरीदी थी। इससे नीरज के सरीक नाराज थे। आज जमीन की पैमाईश के बाद हद्द निशानी होनी थी। जैसे ही महिला अपने खेत पर पहुंची तो दूसरे पक्ष ने गाली गलौज शुरू कर दी। जिसका विरोध किया गया। थोड़ी देर बाद एक पक्ष ने महिला पक्ष पर फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में महिला नीरज घायल हो गयी। जिसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला इसी गांव की रहने वाली है। उसकी शादी अब से कुछ साल पहले रविन्द्र से हुई थी। रविन्द्र की मौत के बाद महिला अपने भाई और माता पिता के साथ रह रही थी।
महिला ने विरोध किया फिर भी चला दी गोली
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने भाई सुमित के साथ खेत पर गई थी। बीती 15 तारीख को राजस्व टीम न्यायालय के आदेशानुसार गाटा संख्या 257/5 पर पैमाइश करके निशानदेही के लिए हद्दे लगा दिए थे।
जब खेत पर जाकर देखा तो रवि पुत्र वीर सिंह उर्फ कृपाल ने अपने पिता बीर सिंह, योगेश पुत्र वीर सिंह, दीपक पुत्र विजय पाल, पंचम पुत्र समरपाल, मनोज पुत्र सतवीर के साथ तीन अज्ञात लोग थे। जोकि उन राजस्व टीम द्वारा लगाए गए निशानों को हटा रहे थे। महिला ने इसका विरोध किया तो ये लोग गंदी गंदी गालियां देने लगे और मारपीट पर उतारू हो गये। रवि के हाथ में लाइसेंसी रिवाल्वर था। जिससे रवि ने गोली चला दी। गोली सीधे जाकर महिला के हाथ में लगी
घटना पर जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष छजलैट विजेंद्र राठी ने बताया कि एक महिला जिसका नाम नीरज है वो काफी समय से इसी गांव में रह रही है। आज दो पक्षों में जमीन की ठिएबंदी कराई जा रही थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। फायरिंग की भी सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर जांच कराई जा रही है।