खैरथल

श्यामाका में बाबा साहब की भव्य मूर्ति का ऐतिहासिक अनावरण आज

गांव बनेगा सामाजिक चेतना का केंद्र 

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल। क्षेत्र के श्यामाका गांव में रविवार को सामाजिक एकता और जागरूकता का ऐतिहासिक क्षण साकार होगा। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की विशाल एवं भव्य मूर्ति का विधिवत अनावरण आज समारोहपूर्वक किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर गांव सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
मूर्ति अनावरण समारोह में उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा टीकाराम जुली करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में विधायक दीपचन्द खैरिया, पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, एसडीएम मनीष जाटव, पूर्व अध्यक्ष रामबाबू जाटव एवं अध्यक्ष राजेंद्र रसगोन मौजूद रहेंगे।
इससे पूर्व शनिवार को आयोजित भीम जागरण में हरियाणा के प्रसिद्ध गायक मंजीत मेहरा एंड पार्टी ने बाबा साहब के विचारों पर आधारित भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। जागरण के दौरान शिक्षा, समानता और अधिकारों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
आयोजन शाखा श्री जाटव समाज संस्थान श्यामाका एवं ग्रामीण सामाजिक कार्यकर्ताओं के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल मूर्ति अनावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बाबा साहब के विचारों को समाज में आत्मसात करने का एक व्यापक अभियान है।
रविवार को होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक भाग लेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button