बाराबंकी
नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। मसौली थाना परिसर में सोमवार को नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में महिला एवं बाल संरक्षण इकाई तथा मिशन शक्ति केंद्र के तत्वावधान में किया गया।इस दौरान थाना परिसर में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों, अधिकारियों व छात्राओं ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली से प्रसारित प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं और योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को देश के विकास की आधारशिला बताते हुए उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जनपद के अन्य थानों के मिशन शक्ति केंद्रों पर भी पुलिसकर्मियों एवं विद्यार्थियों द्वारा लाइव प्रसारण देखा गया। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शमशाद अली, कस्बा प्रभारी अभय गुप्ता सहित समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत आगे भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जा सके।



