जालौन

अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ

1944 मुंबई बंदरगाह अग्निकांड के शहीद फायरकर्मियों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
 जालौन। नगर जालौन के फायर ब्रिगेड कार्यालय में 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ भावपूर्ण माहौल में किया गया। इस अवसर पर वर्ष 1944 में मुंबई के बंदरगाह पर हुए भीषण अग्निकांड में शहीद हुए फायरकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद अग्निशमन कर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बताया कि मुंबई का 1944 का बंदरगाह अग्निकांड देश के सबसे बड़े और दुखद हादसों में से एक था, जिसमें आग बुझाने के दौरान कई बहादुर फायरकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना कर्तव्य निभाते हुए शहादत दी थी।
फायर ब्रिगेड कार्यालय प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि अग्निशमन कर्मियों का कार्य अत्यंत जोखिम भरा होता है और ऐसे वीर जवानों का बलिदान हमेशा समाज को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य लोगों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों को आग लगने के प्रमुख कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपातकालीन स्थिति में क्या करना चाहिए, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई। गैस सिलेंडर, शॉर्ट सर्किट, ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग आदि से होने वाली आग से बचाव के तरीकों को भी सरल भाषा में समझाया गया।
इस मौके पर फायरमैन सुरेश कुमार यादव, दृगपाल  सिंह, सौरभ सिंह, रवि प्रकाश शर्मा, कृष्ण मुरारी सोनी एवं जितेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत नगर में जन जागरूकता फैलाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ एक प्रचार रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि प्रत्येक नागरिक अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक रहेगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button