हजारीबाग
जल पखवाड़ा 2026 के तहत जी.एम.महाविद्यालय इचाक में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ जी एम महाविद्यालय में जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “जल पखवाड़ा : 2026” के अंतर्गत आज जी.एम. महाविद्यालय इचाक में प्राचार्य शंभू कुमार की अध्यक्षता में प्रजल (प्रज्ञा + जल) शपथ कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना मानव अस्तित्व की कल्पना संभव नहीं है। वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर वैश्विक समस्या बनता जा रहा है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही दूर किया जा सकता है। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को शिक्षक रंजन कुमार के द्वारा “प्रजल शपथ” दिलाई गई, जिसमें उन्होंने यह संकल्प लिया कि वे जल का दुरुपयोग नहीं करेंगे, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देंगे, जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखेंगे तथा दूसरों को भी जल संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी शिक्षक पंकज कुमार ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन शैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि “जल पखवाड़ा : 2026” के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और लोग जल के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में मंच संचालन शिक्षक रत्नेश कुमार राणा ने किया। प्रमुख वक्ताओं में शिक्षक अजीत हांसदा,संजीत कुमार यादव, रवि महतो, पार्वती कुमारी शामिल रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बिनोद कुमार ,कृष्ण कुमार,राजकुमार सिन्हा,सुनीता टोप्पो एवं सोनी कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



