खैरथल
देर रात जिला कलेक्टर का बघाना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र औचक निरीक्षण
व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने देर रात गुरुवार को बघाना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, इमरजेंसी, साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया।
जिला कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा स्टाफ की उपस्थिति रजिस्टर कि जांच की। कलेक्टर ने इमरजेंसी वार्ड सहित दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि दवाओं को निर्धारित नियमों के अनुसार ही स्टोर किया जाए, ताकि उनकी गुणवत्ता बनी रहे और मरीजों को सुरक्षित उपचार मिल सके।
जिला कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि इमरजेंसी सेवाएं हर समय सक्रिय और सुचारू रहें तथा मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अस्पताल कर्मचारी को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उपखंड अधिकारी रेखा यादव, तहसीलदार कोटकासिम सहित अन्य उपस्थित रहे।


