खैरथल
धूमधाम से मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव, जयकारों से गूंजा खैरथल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल। शहर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव इस वर्ष अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। परशुराम भवन में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों, हवन-यज्ञ और भंडारे के साथ शाम को निकाली गई भव्य रैली ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। ब्राह्मण समाज के लोगों ने पंडित पुरुषोत्तम शर्मा के सानिध्य में हवन-यज्ञ कर भगवान परशुराम से समाज में सुख-समृद्धि, एकजुटता और सर्वमंगल की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार और आहुति के साथ पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ अटूट भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जिसमें शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। भंडारे में सेवा कार्य में जुटे युवाओं और महिलाओं ने अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
शाम के समय सर्व समाज के बैनर तले युवाओं ने खैरथल से रेणागिरी तक एक भव्य रैली निकाली। रैली के दौरान “भगवान परशुराम के जयकारे” पूरे मार्ग में गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। रैली में शामिल श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़े और रेणागिरी स्थित भगवान परशुराम की विशाल प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर विधिवत ढोक लगाई और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने भगवान परशुराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए युवाओं से सामाजिक एकता और संस्कारों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष रामसिंह शर्मा, विष्णुदत्त शर्मा, प्रेम कौशिक, मेघश्याम शर्मा, शेष शर्मा, युवराज शर्मा, दिनेश कौशिक (एलआईसी), वीरेंद्र शर्मा, अंकित लाटा, महिला मंडल अध्यक्ष मीना शर्मा, उपाध्यक्ष ममता शर्मा, तमन्ना शर्मा, ओमप्रकाश जोशी,मोहनलाल शर्मा,पुष्करणा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष ध्रुव आचार्य, अनिल मांधू, ओमप्रकाश मांधू सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।पूरे आयोजन ने खैरथल में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और उत्सवधर्मिता का एक सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।


