पिलखुवा में भीषण अग्निकांड: 70 झुग्गियां राख, ट्रांसपोर्ट गोदामों और फैक्ट्री तक पहुंची आग…
दमकल विभाग की 8 गाड़ियों ने आग पर पाया काबू....

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सीओ अनीता चौहान सहित पुलिस भी आग बुझाने में जुटी…
दो करोड़ से अधिक के नुकसान की आशंका….
हापुड़ (यूपी)- जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र स्थित मोदीनगर बस स्टैंड के पास सोमवार सुबह करीब बजे झुग्गी बस्ती में अज्ञात कारणों से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने करीब 70 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। झुग्गियों में प्लास्टिक, पॉलिथीन और कबाड़ जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें पास स्थित गायत्री लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट, यूनाइटेड ट्रांसपोर्ट और एक जींस सिलाई फैक्ट्री तक पहुंच गईं। बताया गया कि गोदाम मालिक अशोक कुमार के ट्रांसपोर्ट गोदामों में भारी मात्रा में कपड़े का माल भरा हुआ था, जिसमें एक गोदाम में करीब 800 कपड़े की गांठ और दूसरे में लगभग 250 कपड़े की गांठ माल रखा हुआ था।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में लगभग दो करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की बात सामने आ रही है। हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन अभी जारी है। झुग्गियों में रहने वाले परिवारों का घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज और ट्रांसपोर्ट में रखा माल बड़े पैमाने पर जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से झुग्गियों में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू कराया गया। मौके पर दमकल विभाग की लगभग 8 गाड़ियां मौजूद हैं, जो लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। सी ओ पिलखुवा अनीता चौहान भी पुलिस बल के साथ मौके पर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी में जुटी रहीं । दमकल और पुलिस की टीमों ने आग को फैलने से रोकने में पूरी ताकत झोंक दी जिसके बाद आग के विकराल रूप पर काबू पाया जा सका ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया और लोगों में दहशत फैल गई। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। अधिकारियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
पिलखुवा का यह अग्निकांड इलाके के बड़े हादसों में शुमार किया जा रहा है, जहां करोड़ों की क्षति के बीच प्रशासन हालात पर काबू पाने में जुटा हुआ है।



