जालौन

फर्जी भुगतानों पर रोक की मांग तेज, ग्राम पंचायत सर्र में धांधली के आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। ग्राम पंचायत सर्र में विकास कार्यों के नाम पर कथित फर्जी भुगतानों का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं ने जिला प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि बिना कार्य कराए ही मजदूरों के नाम पर भुगतान दिखाया जा रहा है, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं। इन शिकायतों में पंचायत मित्र और ग्राम प्रधान पर अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए गए थे। बावजूद इसके, जांच के आदेश होने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि पंचायत में ऐसे कार्यों का भुगतान दर्शाया जा रहा है, जिनका धरातल पर कोई अस्तित्व नहीं है। करीब 100 मजदूरों के नाम पर फर्जी भुगतान करने की कोशिश की जा रही है, जबकि मौके पर कोई काम चलता हुआ नहीं दिखता। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद काम दिखाना पूरी तरह संदिग्ध और अव्यावहारिक प्रतीत होता है। शिकायतकर्ता जसवंत, मुकेश, राकेश कुमार ने यह भी उल्लेख किया कि यह मामला पूर्व में उच्च न्यायालय के संज्ञान में आ चुका है, जहां से निर्धारित समय सीमा में जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों में इसको लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और फर्जी भुगतानों पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीर बताया जा रहा है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button