जालौन
सभासदों की शिकायत पर एसडीएम ने नगर पंचायत रामपुरा में कराई जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। नगर पंचायत रामपुरा में विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत पर प्रशासन हरकत में आ गया है। सभासदों द्वारा एसडीएम को दिए गए ज्ञापन के आधार पर मंगलवार को एसडीएम राकेश सोनी ने जांच टीम गठित कर मौके पर भेजा।
जांच टीम में नायब तहसीलदार सादुल्ला खान और लेखपाल शशांक सोनी शामिल रहे। टीम ने नगर में लगाए गए वाटरकूलरों और वार्ड नंबर 1 में कराए गए पुलिया निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। सभासदों ने आरोप लगाया था कि नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री वर्मा द्वारा वाटरकूलर सार्वजनिक स्थलों पर लगाने के बजाय प्राथमिक विद्यालय वार्ड नंबर 11 और समरसिंह इंटर कॉलेज वार्ड नंबर 7 के अंदर स्थापित कर दिए गए हैं। जांच के दौरान टीम ने पाया कि संबंधित वाटरकूलर वास्तव में विद्यालय परिसरों के भीतर ही लगे हुए हैं। सभासद ब्रजेश, अल्ताफ, जाकिर और विमल ने जांच टीम को लिखित बयान भी सौंपे। उन्होंने बताया कि योजना के तहत नगर में 5 वाटरकूलर लगाए जाने थे, लेकिन वर्तमान में कुल 8 वाटरकूलर स्थापित हैं, जिनमें से केवल 3 ही चालू हालत में हैं। इसके अलावा टीम ने वार्ड नंबर 1 में निर्मित पुलिया का भी निरीक्षण किया और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए। नायब तहसीलदार सादुल्ला खान ने बताया कि वाटरकूलर से जुड़ी शिकायतें प्रथम दृष्टया सही पाई गई हैं। जांच रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम राकेश सोनी को सौंप दी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



