नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला : बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के खतरों को देखते हुए कैराना मार्ग स्थित सेंट द्रोणा पब्लिक स्कूल के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को एक विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से बच्चों ने “हरियाली बचाओ, धरती बचाओ” और “ग्लोबल वार्मिंग मिटाओ, बच्चों का भविष्य बचाओ” जैसे प्रभावशाली नारों से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया।
रैली विद्यालय प्रांगण से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंची। छात्रों ने हाथों में पोस्टर व तख्तियां लेकर प्लास्टिक के कम उपयोग, अधिक से अधिक वृक्षारोपण और ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया।
बच्चों के उत्साह को देखकर स्थानीय नागरिकों ने भी पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्र समाज में बदलाव लाने के सबसे प्रभावी माध्यम होते हैं और इस तरह की पहल सकारात्मक सोच को जन्म देती है।
इस दौरान स्कूल प्रबंधक इंजीनियर अमन शर्मा, विधि शर्मा, प्रधानाचार्य विपिन, उप प्रधानाचार्य शुभम शर्मा, शिक्षिका नेहा वत्स, अमन मित्तल, हुसैन मोहम्मद, भूरा, रचना, सीमा, जितेंद्र सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।



