बागपत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से दिल्ली आवास पर भाजपा नेताओं की मुलाकात
बागपत से जुड़े रिश्तों का भी किया उल्लेख

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत। दिल्ली स्थित आवास पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भाजपा नेता प्रमेन्द्र तोमर (बड़ौत, बागपत), सुदेश तोमर और मोनू बाजीदपुर ने शिष्टाचार मुलाकात कर केंद्र सरकार के नेतृत्व, राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना के आधुनिकीकरण को लेकर अपने विचार साझा किए। इस दौरान भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश की सुरक्षा, सीमाओं की मजबूती और भारत की वैश्विक पहचान को लेकर विश्वास व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान प्रमेन्द्र तोमर ने कहा कि वर्तमान नेतृत्व में भारत की सीमाएं पहले की तुलना में अधिक मजबूत और सुरक्षित हुई हैं। सेना प्रणाली में अभूतपूर्व सुधार, जवानों को आधुनिक हथियारों और सुविधाओं से सशक्त बनाने, तथा रक्षा क्षेत्र में निर्णायक कदमों ने भारत को विश्व मंच पर नई शक्ति के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों के कारण भारत आज दुनिया के विकसित और शक्तिशाली देशों की कतार में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत और अधिक सुरक्षित, समृद्ध और वैश्विक नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बनेगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता को वर्तमान नेतृत्व पर भरोसा है और राष्ट्रहित में लिए जा रहे निर्णयों पर गर्व है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बागपत और वहां के लोगों से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने क्षेत्र के प्रति आत्मीय संबंधों को याद करते हुए कहा कि बागपत की जनता से उनका विशेष संबंध रहा है। उनके इस स्नेहपूर्ण व्यवहार पर प्रमेन्द्र तोमर ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिला मार्गदर्शन और आशीर्वाद राजनीतिक व सामाजिक जीवन में प्रेरणा देता रहेगा।
भाजपा नेताओं ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी विश्वास जताया कि नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में फिर मजबूत सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, विकास, सुरक्षा और सुशासन के मुद्दों पर जनता का विश्वास भाजपा के साथ लगातार मजबूत हो रहा है।



