बरेली
जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की करी समीक्षा
खंड विकास अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर कार्यों की करें निगरानी-जिलाधिकारी

जनपद का कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से न रहे वंचित
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री की नियमित समीक्षा की जाए और सभी खंड विकास अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर कार्यों की निगरानी करें। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी या कर्मचारी अपेक्षित कार्य नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पंचायत सहायकों और सचिवों के साथ विकास खण्ड स्तर पर बैठक आयोजित कर कार्य में आ रही कमियों को दूर किया जाए, ताकि फार्मर रजिस्ट्री में सुधार हो सके। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ सचिवों और पंचायत सहायकों द्वारा इस संबंध में कोई कार्य नहीं किया गया है, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने ऐसे कर्मियों की अलग से बुलाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, उप निदेशक कृषि हिमांशु पांडे, समस्त के उप जिलाधिकारी/खंड विकास अधिकारी/तहसीलदार सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



