छात्राओं के सामने स्टंटबाजी करने वाले दो युवक गिरफ्तार…
22 हज़ार रुपए का चालान कर बाइक की गई सीज...

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड़ (यूपी )- जनपद हापुड़ में एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है जिसे देखकर आप हैरान रह जाएगे । बाइक सवार एक युवक पास में स्कूल जा रही छात्राओं को प्रभावित करने के लिए बाइक को एक पहिए पर चलाते हुए स्टंटबाजी करता दिखाई दे रहा है । इस स्टंटबाजी का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया जिसके बाद इस मामले की जानकारी पुलिस को हुई । जिसके बाद थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस स्टंटबाजी की वीडियो का संज्ञान लेकर त्वरित कार्यवाही करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे स्टंटबाजी वाली बाइक भी बरामद कर ली ।
जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में एक कॉलेज के पास स्कूल जाती छात्राओं को प्रभावित करने लिए उनके सामने बाइक पर खतरनाक स्टंट करते हुए दो युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था । इस घटना से आम जनता की सुरक्षा को भी खतरा उत्पन्न हो रहा था । मामले को गंभीरता से लेते हुए बहादुरगढ़ पुलिस ने तत्काल जांच कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वाशु पुत्र श्याम सिंह, निवासी ग्राम नवादा खुर्द थाना बहादुरगढ़ जनपद हापुड़ और नवीन पुत्र प्रीत कुमार, निवासी ग्राम नवादा खुर्द थाना बहादुरगढ़ जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 22 हज़ार रूपये का चालान भी किया गया है।
बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि बाइक सवार युवकों की स्टंटबाजी करने की सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्यवाही कर दोनों युवकों को किया गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद हुई है एवं अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। ऐसे कृत्यों पर सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।



