गोड्डा
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बसंतराय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवा आपूर्ति, चिकित्सकीय सुविधाओं एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ओपीडी, वार्ड, प्रसव कक्ष, औषधि भंडार तथा पंजीकरण काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर मरीजों के उपचार की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा आपातकालीन सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।उपायुक्त ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा संक्रमण नियंत्रण के सभी मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी को तत्काल दूर किया जाए। साथ ही, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उपायुक्त ने प्रसव कक्ष एवं मातृ-शिशु सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए सुरक्षित एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी बसंतराय श्रीमान मरांडी, संबंधित विभागों के लोग एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।




