जालौन
रक्षा मंत्री से भेंट कर सदर विधायक ने पूर्व सैनिकों की समस्यायें रखीं
उरई में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, सैन्य सुविधाओं को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद के विकास एवं भूतपूर्व सैनिकों की सुविधाओं को लेकर उरई जालौन विधानसभा से विधायक गौरी शंकर वर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से उरई नगर में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के लिए भूमि आवंटन सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा।
सदर विधायक वर्मा ने बताया कि जनपद जालौन में लगभग 10 हजार भूतपूर्व सैनिक निवास करते हैं, जिन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय राष्ट्र सेवा में समर्पित किया है। वर्तमान में उरई में संचालित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक एक छोटे किराए के भवन में चल रहा है, जिससे पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने रक्षा मंत्री से आग्रह किया कि उरई नगर में इस पॉलीक्लिनिक के लिए डिफेंस लैंड आवंटित की जाए, ताकि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके साथ ही विधायक ने जालौन में स्पर्श सेल की स्थापना की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि पेंशन एवं अन्य वित्तीय कार्यों के लिए पूर्व सैनिकों को झांसी जाना पड़ता है, जिससे उन्हें असुविधा होती है। उरई में स्पर्श सेल स्थापित होने से यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। साथ ही, उन्होंने बंद पड़ी कैंटीन सुविधा को पुनः शुरू कराने का भी अनुरोध किया। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हेतु विधायक वर्मा ने जालौन में मिलिट्री स्कूल स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के कई युवा सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना चाहते हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण उन्हें उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। इसके अतिरिक्त, उन्होंने क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निकट प्रस्तावित स्पेशल इकोनॉमिक जोन के अंतर्गत जालौन में भी डिफेंस कॉरिडोर स्थापित किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस बैठक से जालौन के भूतपूर्व सैनिकों और युवाओं में नई उम्मीद जगी है।


