दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर हादसों का कहर, दो लोग गंभीर घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पहला हादसा गांव जसाला के पास दिल्ली-सहारनपुर रोड पर हुआ। जनपद बागपत के गांव गुराना निवासी विजय कुमार शामली में अपने भांजे के निधन पर शोक व्यक्त करने गए थे। वापस लौटते समय उनकी बाइक की सामने से आ रहे ई-रिक्शा से भिड़ंत हो गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
दूसरी घटना एलम बाईपास मार्ग पर हुई। बागपत के गांव पुट्ठी धनौरा निवासी यशवीर कैंटर लेकर शामली जा रहे थे। रास्ते में कैंटर का टायर पंचर हो गया। वह सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर बदल रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी मामले में तहरीर दर्ज नहीं हुई थी।
