Police solved the Ramghati theft case worth lakhs, interstate criminal arrested.
रामघाटी लाखों की चोरी कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, अंतरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़िया (पाकुड़): पाकुड़िया थाना क्षेत्र के रामघाटी गांव में हुई लाखों रुपये की चोरी कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पाकुड़िया थाना कांड संख्या 28/2026, दिनांक 02.05.2026 के तहत धारा 331(2)/305(ए)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जानकारी के अनुसार, 1 मई 2026 की रात रामघाटी गांव निवासी मनोज कुमार भगत के घर में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के जेवरात एवं नगदी की चोरी कर ली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम में पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित पुलिसकर्मी लगातार तकनीकी साक्ष्य एवं गुप्त सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर रहे थे। इसी क्रम में 8 मई की शाम पुलिस को सूचना मिली कि काले रंग की थार वाहन में सवार कुछ अपराधी खक्सा गांव के आसपास किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर एसआईटी ने इलाके की घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन से चार अपराधी उतरकर भागने लगे, जिनमें से एक को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिहिर ठाकुर उर्फ नरसुन्दर (32 वर्ष), निवासी ढोढ़िया मुरारोई, बीरभूम (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोली, एंड्रॉयड मोबाइल, हाइड्रोलिक रॉड कटर, दो पेचकस, लोहे का पाइप, दो छोटे सब्बल, चोरी में प्रयुक्त थार वाहन, 51 हजार रुपये नकद तथा चांदी के तीन सिक्के बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने रामघाटी चोरी कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बताया गया है कि आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 22 मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में महेशपुर थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।



