हजारीबाग

उपायुक्त हेमन्त सती ने बिजली व्यवस्था की समीक्षा की।

ट्रांसमिशन कार्यों में तेजी और लोड शेडिंग पर सख्त निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बिजली विभाग, डीवीसी एवं ट्रांसमिशन लाइन से संबंधित समस्याओं को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने ट्रांसमिशन लाइन के सभी लंबित एवं प्रगति पर चल रहे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करते हुए उनके निष्पादन में आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सदर अनुमंडल पदाधिकारी को संबंधित पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर सहयोग करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने डीवीसी द्वारा की जा रही लोड शेडिंग की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिया कि लोड शेडिंग की प्रत्येक स्थिति में एसडीओ के समक्ष एसएलडीसी की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने बिजली आपूर्ति को बाधित करने वाले सूखे पेड़ो को हटाने एवं हरे पेड़ों की शीघ्र छंटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि निजी कंपनियों की अपेक्षा आम जनता को निर्बाध एवं प्राथमिकता के आधार पर बिजली उपलब्ध कराई जाए। बैठक के दौरान बिजली विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आरडीएसएस योजना के तहत कार्यरत एजेंसियों को एबी केबलिंग रिप्लेसमेंट का कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों एवं टोलों में विद्युतीकरण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा कार्य में शिथिलता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को सभी चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर मासिक बिजली बिल उपलब्ध कराया जाए तथा बिजली चोरी के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में स्मार्ट मीटर इंस्टालेशन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त हेमन्त सती के अलावे उपविकास आयुक्त रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता सुब्रत बनर्जी, ट्रांसमिशन के महाप्रबंधक आर एल पासवान, ट्रांसमिशन अधीक्षण, डीवीसी के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button