कैराना

बस स्टैंड के पास युवक का शव मिलने से सनसनी

ब्रेन हैमरेज से मौत की जताई जा रही आशंका

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। शामली बस स्टैंड के निकट शनिवार दोपहर एक युवक का शव पड़े मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में मृतक की पहचान मोहल्ला आलखुर्द निवासी अमित (42) पुत्र दाताराम के रूप में हुई। युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रारंभिक तौर पर ब्रेन हैमरेज से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार दोपहर शामली बस स्टैंड के आसपास लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े एक युवक पर पड़ी। काफी देर तक युवक के नहीं उठने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में उसकी शिनाख्त मोहल्ला आलखुर्द निवासी अमित पुत्र दाताराम के रूप में हुई। युवक की पहचान होने के बाद पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए, जहां शव को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था।बताया जा रहा है कि अमित पिछले काफी समय से बीमार चल रहा था और उसका उपचार भी कराया जा रहा था। परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार युवक को अचानक ब्रेन हैमरेज हुआ, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button