कैराना
सड़क पर लग रही अवैध सब्जी मंडी से व्यापार प्रभावित, आढ़तियों ने प्रशासन से लगाई गुहार
सरकारी दफ्तरों के सामने बैठकर कारोबार करने का आरोप, रास्ता जाम होने से किसान परेशान
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। भूरा रोड स्थित सब्जी मंडी के आढ़तियों ने कुछ लोगों पर सड़क और सरकारी कार्यालयों के सामने अवैध रूप से सब्जी कारोबार करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। आढ़तियों ने तहसील समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। सब्जी मंडी समिति के अध्यक्ष मारूफ के नेतृत्व में दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि भूरा रोड स्थित सब्जी मंडी में आढ़ती कई वर्षों से नियमित रूप से कारोबार कर रहे हैं। आरोप है कि हाल ही में कुछ लोगों ने नए लाइसेंस लेकर सरकारी दफ्तरों और मुख्य सड़क के सामने अवैध रूप से सब्जी बिक्री शुरू कर दी है, जिससे रास्ता अवरुद्ध हो रहा है। आढ़तियों का कहना है कि रास्ता बंद होने के कारण किसान पुराने आढ़तियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है। आरोप है कि जब समिति की ओर से अवैध रूप से बैठे लोगों को हटने के लिए कहा गया तो वे विवाद पर उतारू हो गए और कथित रूप से प्रशासन को रकम देने की बात कहकर धमकी देने लगे। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा सड़क और सरकारी कार्यालयों के सामने बैठे अवैध आढ़तियों को हटाया जाए, ताकि मंडी में व्यापार सुचारू रूप से चल सके। शिकायत देने वालों में नौशाद अली, दिलशाद, कसीम, शाहनवाज और अनीस समेत कई व्यापारी शामिल रहे।
